अवैध कबाड़ यार्ड सील, इनामी अपराधियों की तलाश तेज…
Korbavani.com । कोरबा जिले में सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए रशियन हॉस्टल के पास लोहे के पुल काटकर चोरी करने वाले संगठित गिरोह पर निर्णायक कार्रवाई की है। कोरबा पुलिस ने इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार 5 आरोपियों के बाद अब 5 और आरोपियों को दबोचते हुए कुल 10 आरोपियों को जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस के अनुसार दिनांक 17 जनवरी 2026 की दरमियानी रात रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल की लोहे की रेलिंग को गैस कटर से काटकर चोरी किया गया था। इस संबंध में चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध क्रमांक 53/2026 धारा 303(2), 112(2), 317(2)(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। इसके बाद 19 जनवरी 2026 की रात उसी क्षेत्र में डेंगुरनाला के ऊपर बने लोहे के ब्रिज को भी इसी तरह काटकर चोरी किया गया, जिस पर अपराध क्रमांक 87/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
गिरफ्तार आरोपी– रोहित कुमार भगत (33) – रावतभाटा, कोरबाराजेश कुमार उपाध्याय (48) – अटल आवास, कोरबाविक्की कुमार साह (24) – रावतभाटा, कोरबा, मोहम्मद असलम (42) – 15 ब्लॉक, कोरबा मोहम्मद अब्दुल कादिर (19) – 15 ब्लॉक, कोरबा 02 विधि से संघर्षरत बालक। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संगठित रूप से गैस कटर का उपयोग कर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हुए चोरी करते थे और चोरी का लोहा अवैध कबाड़ कारोबारियों को बेचते थे। कुसमुंडा थाना क्षेत्र एवं नगर निगम क्षेत्र में पाइप चोरी की अन्य घटनाओं में भी इन आरोपियों के नाम सामने आए हैं, जिनमें पूछताछ की कार्रवाई आगे जारी है। पुलिस ने फरार आरोपियों मुकेश साहू एवं मोहम्मद असलम की गिरफ्तारी के लिए 5-5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है, वहीं मुकेश साहू के विरुद्ध निगरानी खोलने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अवैध कबाड़ कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना उरगा क्षेत्र में कबाड़ संचालक मदन अग्रवाल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।कोरबा, कटघोरा और दर्री अनुभाग में संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस, नगर निगम और तहसील प्रशासन की टीम ने अब तक पांच कबाड़ यार्ड को सील किया है, जिनमें सियाराम अग्रवाल के दो कबाड़ यार्ड भी शामिल हैं। जांच के दौरान कबाड़ दुकानों के वैध दस्तावेज, खरीद-बिक्री रजिस्टर और स्टॉक का मिलान किया जा रहा है, नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कबाड़ माफिया के खिलाफ खबर प्रकाशित करने पर एक पत्रकार को धमकाने के मामले में थाना सिविल लाइन पुलिस ने कबाड़ संचालक सियाराम अग्रवाल के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की है। कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक संपत्ति से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध कबाड़ कारोबार की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार और सख्ती से जारी रहेगा।






























