पांच जिलों के 128 गांवों में 1.80 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच रहीं सामुदायिक विकास की पहल, अत्याधुनिक तकनीक और जनकल्याणकारी योजनाओं का किया प्रदर्शन…
Korbavani.com। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कोरबा राज्योत्सव-2026 में भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) के पैवेलियन में औद्योगिक विकास के साथ सामाजिक सरोकारों की झलक देखने को मिली। कंपनी ने अपने स्टॉल के माध्यम से औद्योगिक प्रगति, तकनीकी नवाचार और सामुदायिक विकास के प्रयासों को प्रदर्शित किया। पैवेलियन में राज्योत्सव पहुंचे लोगों ने बालको की विभिन्न गतिविधियों और विकास परियोजनाओं की जानकारी ली।राज्योत्सव के मुख्य अतिथि वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला प्रशासन के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने बालको पैवेलियन का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कंपनी की औद्योगिक गतिविधियों, आधुनिक तकनीक और सामाजिक विकास से जुड़ी पहलों की जानकारी ली।पैवेलियन में एल्युमिनियम उत्पादन की आधुनिक प्रक्रिया, अत्याधुनिक तकनीकों और सतत विकास के प्रयासों को प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही कंपनी की प्रमुख सामुदायिक परियोजनाओं उन्नति, मोर जल मोर माटी, वेदांता स्किल स्कूल, कनेक्ट कोचिंग प्रोग्राम, कोसाकरी, नंदघर और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी दी गई।बालको की इन पहलों के जरिए युवाओं, महिलाओं, किसानों और ग्रामीण समुदायों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वेदांता स्किल स्कूल युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसरों से जोड़ रहा है, जबकि उन्नति परियोजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है। मोर जल मोर माटी के माध्यम से किसानों को सतत कृषि और बेहतर आजीविका के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। वहीं, मोबाइल हेल्थ वैन के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। कंपनी के अनुसार, कोरबा से अपनी यात्रा शुरू करने वाला बालको आज ऊर्जा, अधोसंरचना, परिवहन और विनिर्माण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में योगदान दे रहा है। औद्योगिक गतिविधियों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और सतत आजीविका के क्षेत्र में कंपनी की पहल छत्तीसगढ़ के पांच जिलों कोरबा, कवर्धा, सरगुजा, रायगढ़ और रायपुर के 128 गांवों तक पहुंच चुकी है। इन प्रयासों से 1.80 लाख से अधिक लोग लाभान्वित हो रहे हैं।राज्योत्सव में बालको की भागीदारी के जरिए औद्योगिक विकास और सामाजिक जिम्मेदारी के बीच समन्वय को सामने रखा गया। कंपनी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पारंपरिक हस्तशिल्प, ग्रामीण खेल और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के अवसर बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। बालको का कहना है कि औद्योगिक प्रगति के साथ समुदायों का सशक्तिकरण उसकी विकास यात्रा का अहम हिस्सा है।




