महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने ट्रांसमिशन प्रबंध निदेशक से मुलाकात कर रखी मांग, समय पर भुगतान का मुद्दा उठाया..
Korbavani.com- छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ-महासंघ (बीएमएस) के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पावर कंपनी मुख्यालय में प्रबंध निदेशक (ट्रांसमिशन) आर.के. शुक्ला से मुलाकात कर बिजली कर्मियों के बोनस और एक्सग्रेसिया राशि में वृद्धि करने तथा दीपावली से पहले भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। इस पर प्रबंधन की ओर से इस वर्ष बढ़ी हुई राशि का भुगतान त्योहार से पहले करने का आश्वासन दिया गया।प्रतिनिधिमंडल ने प्रबंधन को सौंपे मांग पत्र में कहा कि बिजली कर्मचारी पूरे वर्ष विद्युत उत्पादन, पारेषण और वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी कर्मचारी निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए निरंतर सेवाएं देते हैं। ऐसे में उनकी मेहनत और जिम्मेदारियों को देखते हुए इस वर्ष बोनस एवं एक्सग्रेसिया राशि में पिछले वर्ष की तुलना में वृद्धि की जानी चाहिए। महासंघ ने यह भी कहा कि दीपावली के मद्देनजर राशि का भुगतान समय से पहले किया जाना जरूरी है, ताकि कर्मचारी और उनके परिवार त्योहार की तैयारियां कर सकें और दीपावली हर्षोल्लास के साथ मना सकें। मांगों पर चर्चा के दौरान प्रबंध निदेशक आर.के. शुक्ला ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि बिजली कर्मियों को इस वर्ष बढ़ी हुई बोनस/एक्सग्रेसिया राशि का भुगतान दीपावली से पहले शीघ्र किया जाएगा। इस आश्वासन के बाद कर्मचारियों को बढ़ी हुई राशि मिलने की उम्मीद जगी है।प्रतिनिधिमंडल में भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय मंत्री एवं विद्युत प्रभारी राधेश्याम जायसवाल, छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ-महासंघ के प्रदेश महामंत्री नवरतन बरेठ, क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं रायपुर जिला मंत्री परमेश्वर कन्नौजे, क्षेत्रीय सचिव नीलाम्बर सिन्हा, अखिल भारतीय कार्यसमिति सदस्य रीता बघेल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पूरन दास कठूरे और कल्पना तुमराम, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष पवन ओंगले तथा प्रदेश ठेका प्रभारी एस.के. मजूमदार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। महासंघ ने बिजली कर्मियों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रबंधन के समक्ष उठाते हुए कर्मचारियों के कल्याण और सुविधाओं को लेकर सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा जताई।




