Korbavani.com। शहर के दादर क्षेत्र में एक घर के भीतर एक साथ दो अहिराज सांप मिलने से परिवार में दहशत फैल गई। रात करीब 8:30 बजे इसकी सूचना वन विभाग और वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम नोवा नेचर को दी गई। मौके पर पहुंचे रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी ने स्थिति का निरीक्षण किया, तो पता चला कि दोनों सांप प्रजनन अवस्था में हैं। ऐसे में उन्हें तत्काल अलग करना उचित नहीं था।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिवार को समझाइश दी गई और सांपों के प्राकृतिक रूप से अलग होने का इंतजार किया गया। करीब डेढ़ घंटे बाद नर और मादा सांप स्वतः अलग हुए। इसके बाद जितेंद्र सारथी ने सावधानीपूर्वक दोनों का एक-एक कर सुरक्षित रेस्क्यू किया। वन विभाग के उच्च अधिकारियों को सूचना देने के बाद दोनों सांपों को उनके प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया गया।
अत्यंत विषैला होता है अहिराज- जितेंद्र सारथी के अनुसार, अहिराज सांप को अंग्रेजी में बैंडेड क्रेट (Banded Krait) कहा जाता है। इसका वैज्ञानिक नाम Bungarus fasciatus है। शरीर पर चमकदार काली और पीली धारियां इसकी प्रमुख पहचान हैं। यह अत्यंत विषैला सांप है और मुख्यतः रात में सक्रिय रहता है। सामान्यतः यह मनुष्यों से दूरी बनाए रखने की प्रवृत्ति रखता है। प्रजनन अवस्था में दो सांपों का एक साथ दिखाई देना अपेक्षाकृत दुर्लभ दृश्य है। ऐसी स्थिति में जल्दबाजी करने के बजाय धैर्य और सावधानी बरतना जरूरी होता है।
सांप दिखने पर खुद पकड़ने का प्रयास न करें- रेस्क्यू टीम ने लोगों से अपील की है कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर घबराकर उसे मारने अथवा खुद पकड़ने की कोशिश न करें। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यू टीम को दें। वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से उठाया गया कदम मानव जीवन के साथ-साथ प्रकृति की सुरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण है।
संपर्क: वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम, नोवा नेचरमोबाइल: 8817534455, 7999622151




