Uncategorized

50 लाख की रामलीला आज से शुरू, खर्च को लेकर उठने लगे सवाल…

घंटाघर ओपन थिएटर में 15 से 20 अक्टूबर तक होगा मंचन, पिछले आयोजन में एक करोड़ से अधिक खर्च का दावा; इस बार दो करोड़ से ज्यादा खर्च होने का अनुमान…

Korbavani.com। भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर निगम कोरबा द्वारा घंटाघर स्थित ओपन थिएटर में आज, 15 अक्टूबर से रामलीला का आयोजन शुरू किया जा रहा है। 20 अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतिदिन शाम 7 बजे से रामलीला का मंचन किया जाएगा। हालांकि, धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन को लेकर जहां आम नागरिकों में उत्सुकता है, वहीं आयोजन पर होने वाले भारी खर्च को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। आयोजन की जानकारी पंचवटी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी गई। आयोजकों के अनुसार, रामलीला के माध्यम से रामायण के प्रमुख प्रसंगों का मंचन कर भगवान श्रीराम के जीवन, उनके आदर्शों, त्याग, मर्यादा और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में 16 अक्टूबर को फिल्म ‘हनुमान अंश’ के मुख्य कलाकार शोभिनव सत्या का आगमन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। वहीं, 20 अक्टूबर को आतिशबाजी के साथ रावण दहन किया जाएगा। खर्च को लेकर चर्चा तेजरामलीला के आयोजन के बीच इसकी लागत को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पिछले रामलीला समारोह में लगभग एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने की बात सामने आई थी। वहीं, इस बार आयोजन पर दो करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान जताया जा रहा है। हालांकि, खर्च की कुल राशि, बजट के मदवार विवरण और इस बार की वास्तविक लागत को लेकर आधिकारिक पुष्टि तथा विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।धार्मिक आयोजनों के प्रति लोगों की आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को बनाए रखना महत्वपूर्ण है, लेकिन सार्वजनिक धन से होने वाले कार्यक्रमों में खर्च का पारदर्शी विवरण भी उतना ही आवश्यक है। ऐसे में नागरिकों के बीच यह चर्चा है कि रामलीला के आयोजन पर कितनी राशि खर्च की जा रही है और इस खर्च का आधार क्या है। आस्था के साथ पारदर्शिता भी जरूरीनगर निगम द्वारा आयोजित इस रामलीला से शहरवासियों को धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम का अवसर मिलेगा। लेकिन आयोजन की भव्यता के साथ बजट और खर्च का स्पष्ट विवरण सार्वजनिक किया जाना भी जरूरी है, ताकि आम नागरिकों को वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके। अब देखना होगा कि नगर निगम इस आयोजन की अनुमानित लागत, स्वीकृत बजट और खर्च का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करता है या नहीं।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button