Uncategorized

दीपका के इंडस पब्लिक स्कूल ने रचा सफलता का इतिहास, 10वीं बोर्ड में शानदार प्रदर्शन…

Korbavani.com- कोयलांचल क्षेत्र में एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की मिसाल पेश करते हुए इंडस पब्लिक स्कूल, दीपका ने सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार परिणाम दर्ज किया है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया और उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम की परंपरा को कायम रखा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा बुधवार दोपहर 3 बजे घोषित 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में स्कूल के अधिकांश छात्र-छात्राओं ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की। इससे न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ा है।इस वर्ष विद्यालय के छात्र शौर्य शर्मा ने 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। उनके बाद विनीता कंवर ने 95.8 प्रतिशत के साथ द्वितीय, खुशबू साहू ने 95.4 प्रतिशत के साथ तृतीय, इशिका अग्रवाल ने 95.2 प्रतिशत के साथ चतुर्थ और अनोखी अग्रवाल ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पंचम स्थान प्राप्त किया। वहीं पायल सहारन ने भी 93 प्रतिशत अंक अर्जित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। टॉपर शौर्य शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए बताया कि विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण बेहद सहयोगात्मक है। उन्होंने कहा कि यहां कमजोर विद्यार्थियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे सभी छात्र बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं।विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस सफलता के पीछे शिक्षकों की निरंतर मेहनत, नियमित टेस्ट, सतत मार्गदर्शन और विद्यार्थियों के साथ निरंतर संपर्क महत्वपूर्ण रहा। पढ़ाई के दौरान विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान समय-समय पर किया गया और परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए।प्राचार्य ने परीक्षा परिणाम पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों की प्रतिबद्धता का ही परिणाम है कि इस वर्ष भी स्कूल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया और कहा कि विद्यालय भविष्य में भी इसी तरह बेहतर परिणाम देने के लिए प्रतिबद्ध है। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button