Korbavani.com। कोरबा जिले में गुरुवार देर रात एक भयावह सड़क हादसे ने प्रशासन और निर्माण एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत निर्माणाधीन भारतमाला मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के दौरान कार तीन बार पलटी, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए।इस दर्दनाक दुर्घटना में युवा कांग्रेस नेता राहुल राय और ऑटोमोबाइल एजेंसी संचालक विराट (ढालू) अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक एवं वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय अपने साथियों के साथ बिलासपुर-मस्तूरी से कोरबा बालको एक विवाह समारोह में शामिल होने आ रहे थे। रात करीब 9:30 बजे, कोरबा शहर में प्रवेश के दौरान कार चालक रास्ता भटक गया और वाहन निर्माणाधीन लेन में प्रवेश कर गया। सड़क पर संकेतक, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे खाई में जा गिरी।हादसे में कार क्रमांक CG 10 PF 9922 पर सवार चारों लोग बिलासपुर मस्तूरी निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों को सिर और सीने में गंभीर चोटें आई थीं। वहीं मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला साहू और एक अन्य युवक राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है।घटना की सूचना मिलते ही 112 आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दे दी है।प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर भारी लापरवाही, अधूरी लेन, बिना चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा उपायों की कमी इस हादसे की बड़ी वजह बनी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उरगा थाना पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि निर्माणाधीन सड़कों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी आम लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।































