Korbavani.com। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) की कोरबा स्थित खेल अकादमी में मंगलवार को भारतीय फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी, पूर्व राष्ट्रीय कप्तान, अर्जुन पुरस्कार एवं पद्मश्री से सम्मानित बाईचुंग भूटिया का विशेष दौरा हुआ। इस दौरान उन्होंने अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 100 से अधिक युवा खिलाड़ियों से सीधा संवाद किया और उन्हें खेल में अनुशासन, निरंतर अभ्यास तथा आधुनिक तकनीकों की बारीकियों से अवगत कराया। बाईचुंग भूटिया ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता उसके शहर या संसाधनों से नहीं, बल्कि उसकी सोच, समर्पण और मेहनत से तय होती है। उन्होंने बताया कि स्ट्रक्चर्ड ट्रेनिंग, सही रोल मॉडल और आत्मविश्वास ही खिलाड़ियों को राज्य से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाते हैं। उन्होंने युवाओं से उपलब्ध संसाधनों का पूरा लाभ उठाने और खेल को जुनून के साथ अपनाने का आह्वान किया। गौरतलब है कि बालको ने वर्ष 2024 में फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और तैराकी जैसे खेलों में युवा प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से एक रिहायशी एवं डे-बोर्डिंग खेल अकादमी की शुरुआत की थी। यह अकादमी कोरबा नगर निगम, खेल एवं युवा कल्याण विभाग और बालको के बीच हुए समझौता ज्ञापन के तहत संचालित की जा रही है, जो युवाओं के सर्वांगीण विकास की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है। अकादमी में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, एनआईएस-प्रमाणित कोच, स्पोर्ट्स साइंस सपोर्ट, फिजियोथेरेपी एवं मेडिकल केयर की सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही खिलाड़ियों के लिए दिन में छह बार संतुलित आहार देने वाली सुव्यवस्थित न्यूट्रिशन व्यवस्था भी लागू है। वर्तमान में कोरबा, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर के लगभग 100 खिलाड़ी यहां नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं और कई खिलाड़ी राज्य व राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर रहे हैं।इस अवसर पर बाईचुंग भूटिया का स्वागत नगर निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पांडे, जिला खेल अधिकारी दीनू पटेल, अपर आयुक्त विनय मिश्रा सहित बालको के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया गया। अधिकारियों ने इस पहल को युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।अकादमी की 17 वर्षीय फुटबॉल प्रशिक्षु सुगंधित लकड़ा ने कहा कि बाईचुंग भूटिया से मिलना सभी खिलाड़ियों के लिए बेहद प्रेरणादायक अनुभव रहा। उनकी बातों से खिलाड़ियों में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अब और अधिक समर्पण के साथ प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित हुए हैं।बालको के सीईओ एवं डायरेक्टर राजेश कुमार ने कहा कि बालको खेलों को युवाओं के संपूर्ण विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम मानता है। खेल अकादमी में उपलब्ध प्रोफेशनल प्रशिक्षण और सुविधाएं खिलाड़ियों को सही दिशा देने के साथ उनके प्रदर्शन को निखारने में मदद कर रही हैं। बाईचुंग भूटिया जैसे प्रतिष्ठित खिलाड़ियों का मार्गदर्शन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।खेल अकादमी के अतिरिक्त बालको द्वारा विभिन्न समुदायों में खेल सामग्री युक्त स्पोर्ट्स किट वितरित कर जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। कंपनी का मानना है कि संपूर्ण विकास एक सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसे उद्योग, सरकार और समाज को मिलकर निभाना होगा।































