समय-सीमा बैठक में विभागीय योजनाओं की समीक्षा, सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश…
Korbavani.com- कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को “नगदी रहित उपचार योजना” के तहत नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस योजना के बारे में जिला स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि आम नागरिकों को इसके लाभ की सही जानकारी मिल सके और दुर्घटना की स्थिति में त्वरित इलाज मिल सके।
सड़क दुर्घटना में अब बिना पैसे के हो सकेगा इलाज– कलेक्टर अजीत वसंत ने बताया कि सड़क हादसों में घायल व्यक्ति को तत्काल इलाज देने हेतु शासन की “नगदी रहित उपचार योजना” संचालित है। इस योजना के तहत घायल व्यक्ति का तत्काल अस्पताल में नि:शुल्क इलाज सुनिश्चित किया जा सकता है। इसके लिए किसी प्रकार की अग्रिम राशि की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में इस योजना का विवरण प्रदर्शित किया जाए तथा कर्मचारियों को इसके क्रियान्वयन हेतु प्रशिक्षित किया जाए।
प्रमुख निर्देश एवं समीक्षा बिंदु–
अतिथि शिक्षक व भृत्य नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता से हो, रिक्त विद्यालयों की सूची वेबसाइट पर अपलोड की जाए। बारिश से हुए नुकसान का समय पर सर्वे कर पीड़ितों को क्षतिपूर्ति राशि प्रदान की जाए। हॉस्टल निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए ताकि विद्यार्थी समय पर रहकर पढ़ाई कर सकें। सभी मरीज वार्डों में एसी लगाने, शासकीय स्वास्थ्यकर्मियों हेतु आवास निर्माण की प्रक्रिया तेज की जाए। पोस्टमार्टम कक्ष निर्माण हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश। PGN, जनदर्शन, मानवाधिकार आयोग सहित अन्य पोर्टलों की लंबित शिकायतों का जल्द से जल्द निराकरण किया जाए।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित– बैठक में वनमंडलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर मनोज बंजारे सहित सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




