स्वच्छता दीदियों को स्वास्थ्य बीमा और ड्राइविंग लाइसेंस की मांग…
Korbavani.com- स्वच्छ भारत अभियान के तहत कोरबा नगर निगम क्षेत्र में संचालित मणिकंचन केन्द्रों में कार्यरत सैकड़ों स्वच्छता दीदियों की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। निगम नेता प्रतिपक्ष कृपया राम साहू ने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को ज्ञापन सौंपते हुए ईएसआईसी स्वास्थ्य सुविधा, ड्राइविंग लाइसेंस और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि ये स्वच्छता दीदियां घर-घर जाकर कचरा संग्रहण का कार्य करती हैं और एकत्रित कचरे को मणिकंचन केन्द्र में लाकर गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण करती हैं। इस प्रक्रिया में वे शासन द्वारा प्रदत्त ऑटो रिक्शा का उपयोग करती हैं। केंद्रों की गीली ज़मीन और जोखिमपूर्ण कार्यस्थल के चलते दुर्घटनाएं होना आम बात है। बालको क्षेत्र में हाल ही में दो कर्मचारियों — संजय कुमार गोंड और वर्षा — के ऑटो पलटने से एक का हाथ और एक का पैर टूट गया। दोनों ने इलाज का खर्च स्वयं वहन किया क्योंकि शासन से किसी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि कोरबा निगम क्षेत्र में लगभग 600 स्वच्छता दीदियां न्यूनतम वेतन पर कार्यरत हैं जिन्हें न ईएसआईसी और न ही अन्य सुरक्षा सुविधाएं मिल रही हैं। ऐसी स्थिति में उनकी आर्थिक और शारीरिक सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय है। नेता प्रतिपक्ष ने मांग की है कि इन महिला कर्मचारियों को स्वास्थ्य बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य आवश्यक सुविधा तत्काल प्रदान की जाए।




