Uncategorized

समर्थन मूल्य की अंतर राशि से किसानों के चेहरे खिले- कोरबा में 200.81 करोड़ का भुगतान, 43,681 कृषकों को एकमुश्त राशि हस्तांतरित…

मंत्री लखनलाल देवांगन की मौजूदगी में जिला स्तरीय आयोजन…

Korbavani.com- होली पर्व से पूर्व समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने वाले किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान उनके बैंक खातों में अंतरित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड के ग्राम रहंगी में संपन्न हुआ, जहां प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से हस्तांतरित की गई। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोरबा जिले के देवपहरी निवासी कृषक सुखन साय कोरवा से संवाद कर योजना के लाभ और राशि के उपयोग की जानकारी ली। किसान ने बताया कि वे प्राप्त राशि का उपयोग आवास निर्माण कार्य में करेंगे। कोरबा में जिला स्तरीय समारोह सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। मंत्री देवांगन ने कहा कि होली के अवसर पर किसानों को अंतर राशि का भुगतान उनके परिश्रम का सम्मान है और सरकार ने समर्थन मूल्य को लेकर किया गया संकल्प पूरा किया है। जिले के 43,681 किसानों के खातों में कुल 200.81 करोड़ रुपये अंतरित किए गए। यह राशि कृषि निवेश, पारिवारिक आवश्यकताओं और आर्थिक सशक्तिकरण में सहायक सिद्ध होगी। महापौर संजू देवी राजपूत ने इसे किसानों के लिए ऐतिहासिक पहल बताया, वहीं कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि जिले के सभी विकासखंडों में आदान सहायता वितरण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए। कार्यक्रम स्थल पर कृषि, सहकारिता, मत्स्य, रेशम, उद्यान और पशुधन विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर हितग्राहियों को विद्युत पंप, केसीसी ऋण, आइस बॉक्स, कोसाफल राशि के चेक, अनुदान प्रमाण पत्र सहित अन्य सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, कृषि अधिकारी देवेंद्र कंवर, नरेंद्र देवांगन, लक्ष्मण श्रीवास, कृषि स्थायी समिति की सभापति सुष्मिता कमलेश अनंत, रेणुका राठिया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में किसान एवं जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button