Korbavani.com बालकोनगर, 27 फरवरी 2026। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) के ट्रांसजेंडर कर्मचारियों ने रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए। विजेता खिलाड़ियों को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार से मुलाकात का अवसर भी मिला। प्रतियोगिता का आयोजन ट्रांसजेंडर समुदाय के सशक्तिकरण के लिए कार्यरत मिथवा संकल्प समिति द्वारा किया गया था, जिसमें सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और समाज कल्याण विभाग का सहयोग रहा। रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद कोटा स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में आठ राज्यों के 300 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। बालको में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत आएशा ने 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि खेल उनके लिए केवल पदक तक सीमित नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और पहचान का माध्यम है। ट्रैक पर उतरकर उन्हें अपनी क्षमताओं को नए दृष्टिकोण से परखने का अवसर मिला।सुरक्षा गार्ड कुलेश्वर ने 100 मीटर दौड़ में दूसरा रनर-अप स्थान हासिल किया। उनका कहना है कि बालको नियमित रूप से आंतरिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कर कर्मचारियों को प्रोत्साहित करता है। बालको प्रीमियर लीग सहित अन्य प्रतियोगिताएं टीम भावना और आत्मविश्वास को मजबूत करती हैं, जो ट्रांसजेंडर कर्मचारियों के लिए विशेष महत्व रखती हैं।इसी क्रम में सुरक्षा गार्ड अलका नागरवाड़े ने 800 मीटर दौड़ में तीसरा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच आत्मसम्मान और साहस को नई दिशा देते हैं। अभ्यास और प्रदर्शन के लिए मिला सहयोग उनके आत्मविश्वास को सुदृढ़ करता है।कंपनी द्वारा आयोजित खेल गतिविधियां कर्मचारियों के सर्वांगीण विकास, आपसी सहयोग और सम्मान की भावना को बढ़ावा देती हैं। राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सफलता केवल खेल उपलब्धि नहीं, बल्कि समावेशी कार्यस्थल संस्कृति का प्रतीक है, जो हर व्यक्ति को सम्मान और अवसर प्रदान करने के संकल्प को साकार करती है।





