Uncategorized

मुढाली में टंकी में फंसा ‘बज्जू’ सुरक्षित निकाला गया, वन विभाग और रेस्क्यू टीम की सतर्कता से बची जान.. देखें वीडियो…

Korbavani.com। जिले के कटघोरा वन मंडल अंतर्गत हरदीबाजार क्षेत्र के ग्राम मुढाली में मानवता और वन्यजीव संरक्षण की एक सकारात्मक मिसाल देखने को मिली। यहां निर्माणाधीन पानी की टंकी में पिछले कुछ दिनों से एक एशियन पाम सिवेट (स्थानीय नाम—बज्जू) फंसा हुआ था, जिसे संयुक्त प्रयास से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने पहले स्वयं प्रयास करते हुए टंकी में सीढ़ी लगाई ताकि जीव बाहर निकल सके, लेकिन वह असफल रहा। स्थिति गंभीर समझ आने पर गांव के युवक भूपेंद्र दास ने तुरंत वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम ‘नोवा नेचर’ को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग को अवगत कराया गया, जहां से मार्गदर्शन मिलने पर रेस्क्यू टीम सक्रिय हुई। टीम के सदस्य मौके पर पहुंचते ही सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब एक घंटे तक चले इस अभियान में जोखिम के बावजूद सूझबूझ और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए सिवेट को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सफल रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों और वन विभाग ने राहत की सांस ली। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वन्यजीव को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। विशेषज्ञों के अनुसार, एशियन पाम सिवेट एक रात्रिचर जीव है, जो रात में सक्रिय रहता है और दिन में सुरक्षित स्थानों पर विश्राम करता है। यह सर्वाहारी होता है और फलों, कीट-पतंगों तथा छोटे जीवों पर निर्भर रहता है। वन पारिस्थितिकी में बीजों के प्रसार के माध्यम से इसकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है। यह प्रजाति वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची–I में शामिल है, जिसे उच्चतम स्तर का संरक्षण प्राप्त है।

वन विभाग ने अपील की है कि इस तरह के वन्यजीव दिखाई देने पर स्वयं प्रयास करने के बजाय तुरंत विभाग या अधिकृत रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से उनका संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button