Korbavani.com। थाना जैजैपुर क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई उठाईगिरी की वारदात का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पेट्रोल पंप पर खड़ी टीवीएस लूना के हैंडल से 40 हजार रुपये से भरा थैला पार करने वाले आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। मामला 18 फरवरी का है। ग्राम ओडेकेरा निवासी बुधेस्वर देवांगन सहकारी बैंक जैजैपुर से धान बिक्री की 40 हजार रुपये की राशि निकालकर घर लौट रहे थे। रकम को थैले में रखकर लूना के हैंडल में टांगा गया था। रास्ते में पेट्रोल पंप पर बोतल में पेट्रोल लेने के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक मौका पाकर थैला लेकर फरार हो गए। प्रार्थी की शिकायत पर थाना जैजैपुर में अपराध क्रमांक 62/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी सक्ती भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।थाना पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। संदेह के आधार पर दीपक प्रधान (27 वर्ष), निवासी दोषमनिया थाना कॉलिंगनगर जिला जाजपुर (ओडिशा), हाल मुकाम ग्राम भीमखोज जिला महासमुंद, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथी विजय और एक नाबालिग मित्र के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना कबूल किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 हजार रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी और विधि से संघर्षरत बालक को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश में दबिश जारी है।कार्रवाई में थाना जैजैपुर पुलिस और साइबर टीम की अहम भूमिका रही।





