चौकीदार के भरोसे चल रहा अस्पताल! पोंडी स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था आई सामने
Korbavani.com- कोरबा जिले के पाली-तानाखार क्षेत्र अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई हैं। दूरदराज के ग्रामीण इलाकों से इलाज कराने पहुंचे मरीजों को बुधवार सुबह भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अस्पताल में पर्ची काटने वाले काउंटर पर लंबे समय तक कोई कर्मचारी मौजूद नहीं मिला, जिसके कारण मरीज इलाज के लिए घंटों इंतजार करते रहे। सुबह से ही गांवों से बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंचे थे। ग्रामीणों के अनुसार सुबह 8 बजे से मरीज अस्पताल परिसर में मौजूद थे, लेकिन सुबह लगभग 10:30 बजे तक न तो पर्ची काटने वाला कर्मचारी पहुंचा और न ही वार्ड बॉय एवं वार्ड आया जैसे जरूरी स्टाफ अस्पताल में दिखाई दिए। इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचे मरीज अस्पताल परिसर में इधर-उधर भटकते नजर आए। कई बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चों के साथ पहुंचे परिजन भी अव्यवस्था के बीच परेशान दिखाई दिए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में इस तरह की लापरवाही नई बात नहीं है। इससे पहले भी स्टाफ की कमी, कर्मचारियों की अनुपस्थिति और मनमाने ढंग से अस्पताल संचालन की शिकायतें सामने आती रही हैं। बावजूद इसके स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नजर आते हैं। यही कारण है कि अस्पताल में अव्यवस्था लगातार बढ़ती जा रही है। सबसे गंभीर बात यह सामने आई है कि अस्पताल में बाबू का अधिकांश कार्य अब चौकीदार के भरोसे चलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इसे स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाल तस्वीर बताते हुए सवाल उठाया है कि आखिर मरीजों की जिंदगी से जुड़ी सेवाओं को “जुगाड़ व्यवस्था” के सहारे कब तक चलाया जाएगा। जानकारी के मुताबिक अस्पताल में पर्ची काटने वाले कर्मचारी, वार्ड बॉय और वार्ड आया की कमी बनी हुई है। लेकिन स्थायी समाधान निकालने के बजाय अस्पताल प्रबंधन अस्थायी व्यवस्था के भरोसे काम चला रहा है। इसका खामियाजा सीधे ग्रामीण मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। अब क्षेत्र के लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल की व्यवस्था सुधारने और लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।




