Uncategorized

गेवरा के भटोरा फेस में हैवी ब्लास्टिंग से दहशत में ग्रामीण, कलेक्टर से लगाई रोक की गुहार…

भिलाई बाजार में मकानों और जलस्रोतों को नुकसान की आशंका, पूर्व शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप…

Korbavani.com। SECL गेवरा परियोजना के भटोरा फेस में हो रही हैवी ब्लास्टिंग से ग्राम भिलाई बाजार के ग्रामीण परेशान हैं। ब्लास्टिंग की तीव्रता से गांव में भय और असुरक्षा का माहौल बनने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। इस संबंध में समाजसेवी प्रदीप जायसवाल ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर हैवी ब्लास्टिंग पर तत्काल रोक लगाने और ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।आवेदन में उल्लेख किया गया है कि भटोरा फेस में लगातार हैवी ब्लास्टिंग की जा रही है। ग्रामीणों का दावा है कि इसकी वजह से मकानों, बोरवेल और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। आवेदन में गोविन्द जायसवाल और राखी राय के यहां बोरवेल के नीचे धंसने की घटनाओं का भी उल्लेख किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में उन्हें हमेशा किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।

शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं होने का आरोप- आवेदन के अनुसार, ग्रामीणों ने पहले भी SECL गेवरा प्रबंधन और जिला प्रशासन को लिखित शिकायतें देकर समस्या से अवगत कराया है। इसके बावजूद दोपहर के समय हैवी ब्लास्टिंग जारी रहने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से उनकी चिंता बढ़ती जा रही है। समाजसेवी प्रदीप जायसवाल ने कलेक्टर से मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित क्षेत्र का स्थल निरीक्षण कराने, ब्लास्टिंग के प्रभावों की निष्पक्ष जांच कराने और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने का आग्रह किया है। साथ ही जांच पूरी होने तक आवश्यकतानुसार एहतियाती कदम उठाने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है। आवेदन की प्रतिलिपि SECL गेवरा क्षेत्र के मुख्य महाप्रबंधक को भी भेजी गई है। अब ग्रामीणों को जिला प्रशासन और SECL प्रबंधन की ओर से ठोस कार्रवाई का इंतजार है।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button