Uncategorized

ट्रैक्टर से हाथी का पीछा कर किया परेशान, वन विभाग ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल…

जिल्गा गांव में वन विभाग की कार्रवाई, घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर जब्त; चालक के पास नहीं था ड्राइविंग लाइसेंस..

Korbavani.com। वन्यजीवों के साथ छेड़छाड़ और उन्हें परेशान करने के मामले में वन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। वनमंडल कोरबा के वन परिक्षेत्र कुदमुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत जिल्गा में ट्रैक्टर के माध्यम से हाथी को परेशान करने के मामले में विभागीय टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी जब्त किया गया है। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए वनमंडलाधिकारी के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश और मामले की जांच की जा रही थी। इसी कड़ी में 24 नवंबर को उपवनमंडल अधिकारी कोरबा तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी कुदमुरा एवं पसरखेत की मौजूदगी में मैदानी वन अमले ने ग्राम जिल्गा में सघन तलाशी अभियान चलाया।इस दौरान घटना में इस्तेमाल किए गए ट्रैक्टर को गांव की एक बाड़ी में छिपाकर रखा हुआ पाया गया। वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर को जब्त कर वन परिक्षेत्र कार्यालय पहुंचाया। जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि ट्रैक्टर चालक दिग्विजय के पास वाहन चलाने का वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। मामले की आगे की विवेचना और पतासाजी के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर 25 नवंबर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में दिग्विजय (25), सुकनंदन (36) और सब्बीर खान (35) शामिल हैं। तीनों ग्राम जिल्गा, थाना श्यांग, जिला कोरबा के निवासी हैं। वन विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी को जेल दाखिल करा दिया है।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई- वन विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 9 सहपठित धारा 2(16)(ख), 2(35), 2(36), 39(1)(घ), 50(1)(ग), 51 एवं 52 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

हाथियों से दूरी बनाए रखने की अपील- वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में सुरक्षित दूरी बनाए रखें। हाथियों का पीछा करने, उन्हें परेशान करने अथवा वाहनों से उनके नजदीक जाने जैसी गतिविधियों से बचें। वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन कर मानव-हाथी द्वंद्व की रोकथाम में सहयोग करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों की सुरक्षा और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निगरानी जारी है तथा वन्यजीवों को परेशान करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button