कोरबा जिले के सात से अधिक थाना क्षेत्रों में नारकोटिक्स एक्ट के तहत जब्त सामग्री का ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में हुआ नष्टीकरण, एसपी सिद्धार्थ तिवारी रहे मौजूद..
Korbavani.com। जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण कराया गया। बालको प्लांट परिसर में आयोजित इस प्रक्रिया के दौरान बड़ी मात्रा में गांजा, नशीली टैबलेट, कैप्सूल, इंजेक्शन और सिरप को नष्ट किया गया।नष्टीकरण के लिए पहुंचाई गई जब्त सामग्री में कुल 74.514 किलोग्राम गांजा, 4,336 कैप्सूल, 2,315 टैबलेट, 145 इंजेक्शन, 12 सिरिंज और 11,400 मिलीलीटर सिरप शामिल थे। इन सभी मादक पदार्थों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत बालको प्लांट में नष्ट कराया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, रजगामार, बालको, कोतवाली, हरदीबाजार, दीपका, बांकीमोंगरा और उरगा सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए इन मादक पदार्थों को जब्त किया गया था। जब्त सामग्री को नियमानुसार नष्ट करने के लिए ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।इस दौरान ड्रग डिस्पोजल समिति के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, रक्षित निरीक्षक सहित संबंधित विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण समय-समय पर बालको प्लांट में कराया जाता रहा है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य जब्त नशीले पदार्थों के सुरक्षित और निर्धारित तरीके से निपटान को सुनिश्चित करना है।




