Uncategorized

समय पर नहीं पहुंचे डॉक्टर- इलाज के लिए भटकते रहे मरीज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीज परेशान…

Korbavani.com। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी उपरोड़ा में डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार 21 अगस्त को सुबह 11:20 बजे तक अस्पताल में ड्यूटी पर निर्धारित डॉक्टर के मौजूद नहीं होने की शिकायत सामने आई। इससे उपचार के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, अस्पताल में मौजूद स्टाफ से ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के संबंध में पूछताछ की गई तो बताया गया कि शुक्रवार को ड्यूटी डॉक्टर गजराज सिंह तंवर की है। उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं किया गया। वहीं अस्पताल में मौजूद डॉक्टर अविनाश से मरीजों को देखने का आग्रह किया गया तो उन्होंने बताया कि उनकी नाइट ड्यूटी है, इसलिए वे मरीजों को नहीं देखेंगे। ऐसे में उपचार की उम्मीद लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे मरीजों को डॉक्टर के इंतजार में भटकना पड़ा। उपचार के लिए आये लोगों का कहना है कि पोड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों के समय पर नहीं पहुंचने की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए यह अस्पताल प्राथमिक उपचार का महत्वपूर्ण केंद्र है, लेकिन चिकित्सकों की अनियमित उपस्थिति से स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे समय में अस्पताल में डॉक्टरों की नियमित उपलब्धता बेहद जरूरी है। ग्रामीणों का कहना है कि गरीब और जरूरतमंद मरीज सरकारी अस्पताल में निशुल्क या कम खर्च में उपचार की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, लेकिन डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने पर उन्हें मजबूरी में निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। मरीजों और स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का सवाल है कि आखिर पोड़ी उपरोड़ा की स्वास्थ्य व्यवस्था कब सुधरेगी और मरीजों को सरकारी अस्पताल में समय पर इलाज कब मिलेगा। अब देखना होगा कि शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button