Uncategorized

Korba Breaking- व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए नौकरी का झांसा, बेरोजगार युवाओं से ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार..

Korbavani.com। जिले में नौकरी लगाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर रकम वसूल रहे थे।
मामले में प्रार्थी मिथुन गिरी ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह पूर्व में एक स्मॉल फाइनेंस बैंक में कार्यरत था। इसी दौरान उसकी पहचान आरोपी मनोज कुमार आदित्य से हुई। आरोपी ने उसे बालको प्लांट स्थित KIPL कंपनी में स्थायी नौकरी दिलाने और अधिक वेतन मिलने का भरोसा दिलाया।
आरोप है कि नौकरी लगवाने के नाम पर आरोपी ने अलग-अलग किश्तों में फोन-पे और नगद माध्यम से कुल 50 हजार रुपये वसूल लिए। रकम लेने के बाद भी नौकरी नहीं लगाई गई और लगातार टालमटोल किया जाता रहा। जांच में सामने आया कि आरोपी मनोज कुमार आदित्य और यशवंत कुमार चौहान ने “Good Jobs Better Lives” नाम से व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था। इस ग्रुप के जरिए बेरोजगार युवाओं को जोड़कर नौकरी दिलाने का लालच दिया जाता था। आरोपियों पर कई अन्य युवाओं से भी रकम वसूलने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक हरीश साहू से 18 हजार रुपये, संतोष दास महंत से 23 हजार रुपये और राजेंद्र कुमार साहू से 5 हजार 500 रुपये लिए गए। पुलिस को आशंका है कि जिले सहित अन्य स्थानों के कई लोग भी इस ठगी का शिकार हुए हैं। पीड़ितों द्वारा रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़ितों के बयान दर्ज किए, जिसमें नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी की पुष्टि हुई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button