Korbavani.com। कटघोरा से जटगा मार्ग पर स्थित ग्राम पंचायत बिंझारा में राखड़ डंपिंग को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार हेमजीत सिंह द्वारा गांव में दो से तीन अलग-अलग स्थानों पर मनमाने ढंग से राखड़ डंपिंग कराई जा रही है। इनमें से एक डंपिंग स्थल मुख्य सड़क से लगा हुआ है, जिससे वाहनों की आवाजाही के दौरान उड़ने वाली राखड़ और धूल सीधे राहगीरों की आंखों तक पहुंच रही है। वहीं आसपास के घरों में भी राख की परत जमने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि हल्की हवा चलते ही राखड़ उड़कर पूरे इलाके में फैल जाती है, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। सड़क से गुजरने वाले बाइक सवारों और स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि कई बार धूल के कारण सड़क पर दृश्यता प्रभावित होती है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव के एक नाले के किनारे भारी मात्रा में राखड़ डंप किया जा रहा है। बरसात के दौरान इसके बहकर नाले और आसपास के जलस्रोतों में मिलने का खतरा बना हुआ है, जिससे पर्यावरण और ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना सुरक्षा उपायों और नियमों के हो रही डंपिंग से गांव का वातावरण प्रदूषित हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर तत्काल कार्रवाई करने तथा आबादी और सड़क किनारे की जा रही राखड़ डंपिंग पर रोक लगाने की मांग की है।
सड़कों में उड़ते राख…




