Uncategorized

Korba Breaking- तेंदूपत्ता तोड़ने गए ग्रामीणों पर भालुओं का हमला, किशोरी समेत दो गंभीर घायल…

Korbavani.com। करतला वनमंडल अंतर्गत ग्राम पीडिया के समीप जंगल में तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान दो ग्रामीणों पर भालुओं ने हमला कर दिया। घटना में एक किशोरी समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए भालुओं को जंगल की ओर खदेड़ा, जिसके बाद घायलों को उपचार के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया।जानकारी के अनुसार ग्राम पीडिया निवासी कन्हैयालाल राठिया (45) और किरण (15) जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गए थे। इसी दौरान दोपहर के समय अचानक दो भालू वहां पहुंच गए और दोनों पर हमला कर दिया। घायल कन्हैयालाल ने बताया कि उनके शोर मचाने पर एक भालू भाग गया, जबकि दूसरा पास में तेंदूपत्ता तोड़ रही किशोरी किरण पर झपट पड़ा। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद भालू को जंगल की ओर खदेड़ा। घटना के बाद तत्काल शासकीय एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन समय पर वाहन नहीं पहुंच सका। इसके चलते ग्रामीणों ने पहले निजी वाहन से घायलों को बाहर निकाला, बाद में एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि तेंदूपत्ता सीजन शुरू होने के दूसरे ही दिन यह बड़ी घटना सामने आई है, जिससे जंगल क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने वन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान वनकर्मियों की निगरानी बढ़ाने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायलों का हालचाल जाना। विभाग की ओर से तत्काल सहायता के रूप में दोनों घायलों को 500-500 रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की गई।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button