Korbavani.com। भारतीय मजदूर संघ का 21वां त्रैवार्षिक अखिल भारतीय अधिवेशन 6, 7 एवं 8 फरवरी को ओडिशा के पवित्र जगन्नाथधाम पुरी में आयोजित किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से भारतीय मजदूर संघ के लगभग 2500 पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे। अधिवेशन को लेकर देशभर के श्रमिक संगठनों में व्यापक उत्साह का माहौल है। भारतीय मजदूर संघ कोरबा के जिला मंत्री एवं छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ–महासंघ के प्रदेश महामंत्री नवरतन बरेठ ने जानकारी दी कि अधिवेशन में भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध कोयला, रेलवे, इस्पात, खदान, बिजली, बैंक, बीमा, असंगठित क्षेत्र, स्कीम वर्कर, आंगनबाड़ी एवं आशा वर्कर सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिक प्रतिनिधि भाग लेंगे।इस अधिवेशन की विशेषता यह है कि पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि इसमें शामिल हो रहे हैं। साथ ही बेलारूस, इटली, इंडोनेशिया, मिस्र, श्रीलंका, नेपाल और दक्षिण अफ्रीका जैसे देशों के प्रतिनिधियों की सहभागिता से अधिवेशन को वैश्विक स्वरूप प्राप्त हो रहा है। अधिवेशन के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रहे तकनीकी, आर्थिक एवं पर्यावरणीय परिवर्तनों का श्रमिक जगत पर पड़ने वाले प्रभावों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। बदलते वैश्विक हालात में श्रमिक हितों की सुरक्षा, रोजगार की चुनौतियां और संगठनात्मक भूमिका पर गहन विचार-विमर्श होगा। अधिवेशन का शुभारंभ केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। अधिवेशन का आयोजन भारतीय मजदूर संघ ओडिशा प्रदेश द्वारा किया जा रहा है और इसकी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। अधिवेशन की सफलता के लिए विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों एवं मंत्रियों ने शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।इस राष्ट्रीय अधिवेशन में छत्तीसगढ़ प्रदेश से कुल 88 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं, जिनमें 14 महिलाएं एवं 74 पुरुष प्रतिनिधि शामिल हैं। वहीं कोरबा जिले से 11 प्रतिनिधि इस अधिवेशन में भाग लेने के लिए पुरी पहुंच चुके हैं। कोरबा से शामिल प्रतिनिधियों में राधेश्याम जायसवाल, लक्ष्मण चंद्रा, डी. वेंकट राव, स्नेहलता पटेल, पूर्णिमा साहू, नवरतन बरेठ, सुरेंद्र राठौर, महेंद्र ठाकुर, शरद नायर, रंजय सिंह एवं रमेश गुरुद्वान शामिल हैं।
































