Uncategorized

जिला पंचायत बैठक में उठे विकास और शिक्षा के मुद्दे- आंगनबाड़ी भवन व सड़क सुधार पर जोर…

Korbavani.com। जिला पंचायत कोरबा में 20 मार्च 2026 को आयोजित सामान्य सभा बैठक में जिले के विकास कार्यों, शिक्षा व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभी सदस्य, जनपद पंचायत अध्यक्ष, सांसद व विधायक प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिला पंचायत सदस्य एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिलाध्यक्ष विदवान सिंह मरकाम ने वन विभाग से कटघोरा और कोरबा वन मंडल में चल रहे सभी कार्यों की ग्रामवार सूची प्रस्तुत करने की मांग की। साथ ही कैम्पा मद एवं लेमरू परियोजना अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी मांगी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग के संदर्भ में भवन विहीन और जर्जर आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति को गंभीर बताते हुए नए भवनों की स्वीकृति की मांग की गई। बताया गया कि कई आंगनबाड़ी केंद्र वर्ष 2011 से किराए के भवनों में संचालित हो रहे हैं। संबंधित सूची जिला कार्यक्रम अधिकारी को सौंपी गई।लोक निर्माण विभाग से ग्राम पंचायत सरमा से सुखरीताल तक पहुंच मार्ग की जानकारी ली गई, जिस पर मरम्मत कार्य जारी होने की बात कही गई। सदस्यों ने सड़क निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही छिंदिया चौक से मुगुम (कोरिया) मार्ग की मरम्मत और दिशा सूचक बोर्ड लगाने की मांग भी रखी गई। शिक्षा विभाग के अंतर्गत हायर सेकेंडरी स्कूल पिपरिया में अनियमितताओं को लेकर प्राचार्य को हटाने की मांग की गई। इसके अलावा पोंडी उपरोड़ा क्षेत्र के लगभग 850 बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया गया।

Kush Sharma

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button