Korbavani.com। जिले के लेमरू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सतरेंगा गांव खैरभवना में दशहरा उत्सव के दौरान विवाद के बाद एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात 5 नवंबर की बताई जा रही है। ग्राम खैरभवना में आयोजित दशहरा उत्सव में शामिल होने पहुंचे राकेश कंवर (25) का किसी अज्ञात युवको के साथ विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में राकेश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बिलासपुर रेफर किया गया है।घटना की सूचना मिलने पर लेमरू पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस विवाद के कारणों का पता लगाने के साथ ही हमलावर की पहचान और तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।





